पोटका : पोटका प्रखंड में तेजी से बढ़ रहे मलेरिया के मामलों को देखते हुए विधायक संजीव सरदार ने आपातकालीन स्वास्थ्य अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक और प्रभावित गांवों का दौरा करने के बाद उन्होंने मेडिकल कैंप लगाने, 48 घंटे के भीतर DDT का छिड़काव शुरू करने, अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती तथा कीटनाशकयुक्त मच्छरदानियों के वितरण के निर्देश दिए। विधायक संजीव सरदार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
बैठक से पहले विधायक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैयारियों की भी समीक्षा की तथा बढ़ते मलेरिया मामलों से निपटने के लिए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद विधायक ने सर्वाधिक प्रभावित गांव सनाग्राम सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने सेरेब्रल (ब्रेन) मलेरिया से जान गंवाने वाले लखी सरदार के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मेडिकल कैंप, DDT छिड़काव और अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मियों की होगी तैनाती
मलेरिया नियंत्रण अभियान को तेज करने के लिए विधायक ने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल कई महत्वपूर्ण कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित गांवों में विशेष मेडिकल कैंप लगाकर लोगों की जांच, शीघ्र पहचान और निःशुल्क दवा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने अगले 48 घंटे के भीतर सभी प्रभावित गांवों में DDT का व्यापक छिड़काव शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। साथ ही पड़ोसी प्रखंडों से अतिरिक्त मल्टी-पर्पज वर्कर्स (एमपीडब्ल्यू) की प्रतिनियुक्ति कर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने को कहा।
विधायक ने टाटा स्टील के सहयोग से उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के बीच कीटनाशकयुक्त मच्छरदानियों का वितरण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
संजीव सरदार ने स्पष्ट कहा कि मलेरिया नियंत्रण अभियान में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
बहु-विभागीय अभियान चलाकर पोटका को मलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य
विधायक ने कहा कि पोटका के कई इलाके मलेरिया के उच्च जोखिम वाले क्षेत्र बन चुके हैं। ऐसे में केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ अभियान चलाना होगा। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और लोगों को घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से घर-घर जाकर मलेरिया की जांच करने, जरूरतमंद मरीजों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराने तथा संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं देने को कहा। विधायक ने दोहराया कि प्रशासन समन्वित प्रयासों और सतत रोकथाम अभियान के माध्यम से पोटका को मलेरिया मुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि हालात पर काबू पा लिया जाएगा।
