जमशेदपुर : जमशेदपुर में चेन स्नैचर्स बार-बार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। चेन स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने गुटखा खरीदने के बहाने एक महिला किराना दुकानदार के गले से 17 ग्राम की सोने की चेन झपट ली।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
रविवार शाम सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती स्थित टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज के समीप एक महिला किराना दुकानदार को बाइक सवार दो बदमाशों ने अपना निशाना बनाया।
गुटखा खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे दोनों आरोपियों ने मौका मिलते ही महिला के गले से करीब 17 ग्राम की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
पीड़ित महिला गायत्री चंद्रा ने बताया कि दोनों युवक लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से आए थे। घटना से पहले वे करीब 10 मिनट तक दुकान के आसपास घूमते रहे।
इसके बाद एक युवक गुटखा खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचा। जैसे ही वह गुटखा निकालने लगी, दूसरे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
लगातार बढ़ रही चेन स्नेचिंग की घटनाएं
जमशेदपुर में पिछले कुछ महीनों से महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।
पिछले दो महीनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में दो दर्जन से अधिक महिलाएं स्नैचर्स का शिकार हो चुकी हैं। हाल ही में पुलिस ने एक कुख्यात स्नैचर को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया था, लेकिन इसके बावजूद अपराधियों के हौसले कम नहीं हुए हैं। लगातार हो रही घटनाओं से महिलाओं और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगाें की शिकायत है कि बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद पुलिस गिरोह के सरगना तक पहुंच नहीं पा रही है।