गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर की। अभियान के पहले दिन 27,895 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक दी गई, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी क्रिस्टोफर बेसरा, अस्पताल के चिकित्सक, एएनएम, सहिया एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सीओ प्रवीण कुमार ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी क्रिस्टोफर बेसरा ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान तीन दिनों तक संचालित किया जाएगा। अभियान के लिए गम्हरिया के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 150 पोलियो बूथ तथा पांच ट्रांजिट बूथ बनाए गए हैं। पहले दिन इन बूथों पर एएनएम और सहियाओं की टीम ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई।
उन्होंने बताया कि अभियान के अगले चरण में 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी पोलियो की खुराक देंगी, जो पहले दिन बूथों तक नहीं पहुंच सके।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के पहले दिन विभिन्न बूथों पर कुल 27,895 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश उनका बच्चा पहले दिन पोलियो की खुराक नहीं ले सका है, तो घर-घर चलने वाले अभियान के दौरान अवश्य दवा दिलाएं।
