August 28, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

रांची में छात्रा का झामुमो कार्यकर्ताओं पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, बाबूलाल मरांडी के साथ शिकायत दर्ज कराने पहुंची थाने

रांची में छात्रा का झामुमो कार्यकर्ताओं पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, बाबूलाल मरांडी के साथ शिकायत दर्ज कराने पहुंची थाने

रांची, 24 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में छात्रा ने सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी है। छात्रा ने आठ नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

छात्रा के अनुसार, 21 अगस्त को जेपीएससी-जेएसएसी रिफॉर्म्स मंच की ओर से रांची में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। छात्र-छात्राएं पुतले के साथ कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने भीड़ में घुसकर छात्राओं के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने पुतला छीनने का प्रयास किया। इस दौरान छात्राओं के साथ हाथापाई की गई और कथित तौर पर छेड़छाड़ तथा दुपट्टा खींचने जैसी हरकत की गई। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

शिकायत में शहबाज मलिक, मुश्ताक आलम, अंकिता वर्मा, आशुतोष वर्मा, नवीन चंचल और अश्विनी शर्मा समेत आठ लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भी शिकायत दी गई है।

छात्रा ने मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत भी प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। मामले को लेकर पीड़ित छात्रा सोमवार को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अमर बाउरी और पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के साथ कोतवाली थाना पहुंची। उसने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

–आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading