गम्हरिया: सरायकेला खरसावां जिले की कांड्रा पुलिस ने बीते वर्ष कांड्रा स्थित नीलाचल कंपनी में हुई डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अमर प्रमाणिक उर्फ “यमराज” को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के रघुनाथपुर का निवासी है और पुलिस उसे लंबे समय से तलाश कर रही थी।
कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मु ने बताया कि डकैती कांड में नामजद अमर प्रमाणिक उर्फ यमराज गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी, लेकिन वह हर बार गिरफ्तारी से बच निकलने में सफल हो जाता था।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद सोमवार रात विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद उससे लंबी पूछताछ की गई तथा कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इसे महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि जिले में फरार वारंटियों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सरायकेला खरसावां जिले की एसपी निधि द्विवेदी ने जिले के सभी थानेदारों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी स्थिति में पुराने आपराधिक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों को गिरफ्तार किया जाए।
