चाईबासा। कोल्हान विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र को नियमित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पीएच.डी. सत्र 2025–26 की अंतिम चयन सूची समय पर प्रकाशित कर दी है। इसे विश्वविद्यालय की एक बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि माना जा रहा है।
यह परिणाम यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया और साक्षात्कार के आधार पर जारी किया गया है। कुल 17 विषयों में 145 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 89 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से पीएच.डी. कार्यक्रम में चयन किया गया।
चयनित विषयों में बांग्ला, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल, हिंदी, इतिहास, गृह विज्ञान, गणित, ओड़िया, दर्शनशास्त्र, भौतिकी, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, संस्कृत, उर्दू एवं प्राणिविज्ञान शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय ने मात्र 9 महीने के अंतराल में दूसरे सत्र का परिणाम भी प्रकाशित कर दिया, जो शैक्षणिक कार्यों में आई तेजी को दर्शाता है।
पिछला पीएच.डी. परिणाम 4 जुलाई 2025 को जारी किया गया था, जिसके अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों का कोर्स वर्क भी समय पर पूर्ण कर लिया गया। यह विश्वविद्यालय की समयबद्ध शैक्षणिक प्रक्रिया का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया गया। यह परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
शिक्षकों और शोधार्थियों ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी प्रकार शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतरता बनी रहेगी।
