पोटका थाना क्षेत्र के तिरिंग गांव में ट्रक टेम्पो की टक्कर में टेम्पो चालक की मौत
पोटका : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-220 पर तिरिंग गांव के रितिका होटल के समीप ट्रक और मालवाहक टेम्पो की टक्कर में टेम्पो चालक की मौत हो गई है। घटना रविवार देर रात लगभग 12 बजे के आसपास की है।
इस हादसे में राजनगर थाना क्षेत्र के एदल निवासी चंडी नन्दी उर्फ डोमा जो टेम्पो चालक है उसकी मौत हो गई। वह टेम्पो चलाकर जीविकोपार्जन करता है।
बीती रात बड़ा भूमरी नवकुंज संकीर्तन से वह अपने घर एदल लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में रितिका होटल के समीप उसकी मालवाहक टेम्पो ट्रक से टकरा गई। टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पोटका पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल डोमा को इलाज हेतु पोटका सीएचसी ले गई। सीएचसी में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों द्वारा उसे टीएमएच जमशेदपुर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
