लातेहार में 10 लाख के इनामी जोनल कमांडर समेत दो नक्सली गिरफ्तार, AK-47 और कारतूस बरामद
लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के दो इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइया उर्फ फ्रेश भुइया और सब-जोनल कमांडर बबलू राम शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से एक स्वचालित AK-47 रायफल, 21 जिंदा कारतूस और करीब 1.60 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, लातेहार के एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादी संगठन का जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइया अपने दस्ते के साथ छिपादोहर थाना क्षेत्र के हरिणामाड़ गांव के आसपास पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में सर्च अभियान चलाया और घेराबंदी कर दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार मृत्युंजय भुइया छिपादोहर थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव का रहने वाला है और माओवादी संगठन में जोनल कमांडर के पद पर सक्रिय था। उस पर झारखंड पुलिस ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वहीं उसके साथ पकड़ा गया बबलू राम बिहार के अरवल जिले के निरखपुर गांव का निवासी है और माओवादी संगठन में सब-जोनल कमांडर के रूप में काम कर रहा था। उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था।
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस लंबे समय से दोनों नक्सलियों की तलाश में अभियान चला रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृत्युंजय भुइया पिछले करीब 20 वर्षों से नक्सली संगठन में सक्रिय था और उसके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में नक्सली हिंसा से जुड़े करीब 104 मामले दर्ज हैं। वह पुलिस के साथ 12 से अधिक मुठभेड़ों में शामिल रहा है। वहीं बबलू राम के खिलाफ भी करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से नक्सली गतिविधियों से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
