July 29, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

चतरा के अनुसूचित जाति प्राथमिक आवासीय विद्यालय की नाबालिग छात्रा गर्भवती, प्रशासन में हड़कंप

चतरा के अनुसूचित जाति प्राथमिक आवासीय विद्यालय की नाबालिग छात्रा गर्भवती, प्रशासन में हड़कंप

सरकारी हॉस्टल में रह रही थी छात्रा, जांच तेज; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, कड़ी सुरक्षा के बावजूद कैसे हुई घटना?

जिला प्रशासन और पुलिस जांच में जुटी, मेडिकल जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय, जांच कराने पर गर्भवती होने की हुई पुष्टि

चतरा। झारखंड के चतरा जिले के एक अनुसूचित जाति प्राथमिक आवासीय विद्यालय से जुड़ा बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां तीसरी कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने की पुष्टि होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। छात्रा सरकारी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और सुरक्षा तंत्र सक्रिय हो गया।

बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम, एसडीओ, एसी सहित कई वरीय अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छात्रा के साथ यह घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा बुधवार देर शाम हॉस्टल से अपने घर चली गई थी। अगले दिन सुबह ग्रामीण महिलाओं को उसकी शारीरिक स्थिति पर संदेह हुआ। पूछताछ में छात्रा ने तबीयत खराब होने की बात कही। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय स्तर पर जांच कराई, जिसमें उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।

घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं—आखिर कड़ी सुरक्षा के बीच हॉस्टल में बाहरी व्यक्ति की पहुंच कैसे हुई, या फिर कहीं यह कृत्य परिसर के भीतर ही किसी व्यक्ति द्वारा तो नहीं किया गया। प्रशासन इन सभी पहलुओं पर जांच कर रहा है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम चिकित्सा प्रभारी डॉ. वेद प्रकाश के नेतृत्व में थाने पहुंची और छात्रा को मेडिकल जांच के लिए चतरा सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं पुलिस ने विद्यालय के प्रधानाचार्य शंकर प्रसाद सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

खबर लिखे जाने तक परिजनों द्वारा थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि अभिभावकों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले पर जिलेवासियों की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading