मेरठ/लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मेरठ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश विरोधी और जहरीली राजनीति कर रही है तथा अब वह देश पर बोझ बन चुकी है।
मेरठ में मेट्रो रेल और दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कथित प्रदर्शन को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देश का गौरव बढ़ाने वाला था, लेकिन कांग्रेस ने इसे अपनी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एआई समिट में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए। उन्होंने जनसभा में उपस्थित लोगों से पूछा कि क्या इस वैश्विक आयोजन से देश का मान बढ़ा है। सभा में मौजूद लोगों ने इसका समर्थन किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान मर्यादाओं का उल्लंघन किया और देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश का था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा और एनडीए से राजनीतिक विरोध हो सकता है, लेकिन उसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों को विवाद का विषय नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रधानमंत्री बनने का मार्ग जनता का विश्वास जीतकर ही संभव है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश तेजी से प्रगति कर रहा है और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं।
