जमशेदपुर निकाय चुनाव पर दागियों का साया! पुलिस मौन, रांची में जमानत पर छूटने वालों की अब थानों में वीकली परेड
जमशेदपुर : झारखंड में निकाय चुनाव को लेकर भले ही राजधानी रांची की पुलिस अलर्ट है पर इस मामले में कोल्हान के तीनों जिले पूर्वी सिंहभूम,पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में पुलिस की ओर से संदिग्धों के लिए कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है।
कमोबेश सभी दलों में दागी लोग हैं। ऐसे लोगों को दलों के नेता का भी समर्थन मिलता रहा है। प्रत्येक चुनाव के दौरान पुलिस ऐसे संदिग्धों और दागियों को लेकर निर्देश जारी कराती है। संबंधित थाने में हाजिरी लगाने का फरमान जारी करती है पर कोल्हान में ऐसा कुछ भी नहीं है। दूसरी ओर रांची पुलिस नगर निगम चुनाव को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।
राजधानी में तो शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करते के लिए लगभग 500 से अधिक संदिग्धों को धारा 163 के तहत नोटिस जारी किया गया है। इतना ही नहीं जेल से छूट अपराधियों को शांति का बांड भरकर प्रत्येक सप्ताह थाने में हाजिरी लगानी होगी।
चुनाव चाहे लोकसभा का हो, विधानसभा का हो या फिर निकाय चुनाव, ऐसे मौकों पर शहर के अपराधी और उचक्के सक्रिय रहते हैं। इस चुनाव में भी पूरी तरह सक्रिय हैं पर कोल्हान की पुलिस इत्मीनान है। न ऐसे लोगों के रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं और न ही उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
जमानत पर छूटे अपराधियों की ‘वीकली परेड’
राजधानी रांची में तो पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ ‘सत्यापन अभियान’ शुरू कर दिया है। जेल से जमानत पर बाहर आए अपराधियों को अब प्रत्येक सप्ताह या 15 दिन में एक बार संबंधित थाने में अपनी हाजिरी लगानी होगी। रांची के सिटी एसपी ने आदेश दिया है कि ऐसे सभी लोगों की सूची तैयार कर उनसे हाजिरी लगवाई जाए, ताकि उनकी वर्तमान लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी पुलिस के पास रहे।
जमशेदपुर में नगर निगम का चुनाव का शेड्यूल
नामांकन की अंतिम तिथि- 4 फरवरी 2026
नामांकन पत्रों की जांच- 5 फरवरी
नाम वापसी की अंतिम तिथि- 6 फरवरी
मतदान की तिथि- 23 फरवरी
मतगणना और रिजल्ट- 27 फरवरी
