वित्त मंत्री सीतारमण लगातार कल 9वीं बार पेश करेंगी बजट
नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार, एक फरवरी को लगातार 9वीं बार केंद्रीय बजट पेश कर एक रिकॉर्ड बनाने जा रही हैं। इस बार सभी की निगाहें बहुप्रतीक्षित सीमा शुल्क सुधारों पर टिकी होंगी। सीतारमण ने 2019 में अपने पहले केंद्रीय बजट में दशकों से चले आ रहे चमड़े के ब्रीफकेस की जगह लाल कपड़े में लिपटे पारंपरिक बही-खाता’ का अनुकरण किया था। पिछले 4 वर्षों की तरह इस साल का बजट भी कागज रहित रूप में पेश किया जाएगा।
सीतारमण ऐसे समय में बजट पेश करने जा रही हैं, जब भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अगामी दो वर्षों में तीसरी बड़ी इकोनॉमी बनने की ओर बढ़ रहा है। वहीं, कई गंभीर आर्थिक चुनौतियां भी सरकार के सामने खड़ी हैं।
अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया हुआ है, जिसमें 25 फीसदी बेस टैरिफ और 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ शामिल है, जो रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदने के कारण लगाया गया है। इससे भारतीय निर्यात पर बड़ा असर पड़ा है।
