झारखंड में सिमडेगा सबसे ठंडा, कई जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे, जमशेदपुर में तापमान में दो से चार डिग्री नीचे गिरा
jharkhand Weather: झारखंड में मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। पारा धीरे-धीरे गिरने लगा है। राज्य के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। गुरुवार को सिमडेगा में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान (5.7 डिग्री) दर्ज किया गया है। IMD के आंकड़ों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।
जमशेदपुर में मौसम तेजी से बदला है। तापमान में दो से चार डिग्री पारा नीचे गिरा है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 नवंबर से हवाओं का रुख बदलने की संभावना है. इससे न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. यह बदलाव दो दिसंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान सुबह के समय धुंध और कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान में आंशिक बादल नजर आने की उम्मीद है।
बढ़ रहा शीतलहर का असर
राज्य में शीतलहर का असर लगातार बढ़ रहा है। तेज हवा और गिरते तापमान के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। डॉक्टरों का कहना है कि कम तापमान और ठंडी हवाएं मिलकर शीतलहर को और खतरनाक बना देती हैं। ऐसे में बुजुर्ग, बच्चे और अस्थमा के मरीज खास सतर्कता बरतें। रात और सुबह के समय घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। इससे सड़क हादसे की आशंकाएं भी बढ़ जाती हैं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
