राजनगर : सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के खोकरो गांव में मधुमक्खियों के झुंड ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में पिता, पुत्र और पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
.जानकारी के अनुसार खोकरो गांव निवासी राजेश माझी (46) अपने बेटे गौतम माझी (10) और बेटी हर्षिता माझी (13) के साथ खेत में धान की फसल काटने गए थे। इसी दौरान पास के एक पेड़ पर मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते से झुंड अचानक उड़कर उन पर टूट पड़ा।
देखते ही देखते तीनों खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने जब यह दृश्य देखा, तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगो ने तीनों घायलों को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का तत्काल प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया। फिलहाल तीनों की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
