सिवान में एएसआई की गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
सिवान। बिहार के सिवान जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दरौंदा थाना में पदस्थापित एएसआई अनिरुद्ध कुमार की अज्ञात अपराधियों ने गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार की सुबह दरौंदा थाना क्षेत्र के बसांव नवका टोला से उनका शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, एएसआई अनिरुद्ध कुमार बुधवार की रात सिविल ड्रेस में कहीं जा रहे थे, तभी अपराधियों ने उन्हें रोककर धारदार हथियार से वार किया और निर्मम तरीके से उनकी हत्या कर दी। इसके बाद अपराधियों ने शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दरौंदा थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव देखने से स्पष्ट होता है कि धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। फिलहाल, हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पुलिस ने संदिग्ध अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
