गुड़ाबांदा के हातियापाटा में भाजपा का बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन
गुड़ाबांदा : गुड़ाबांदा के हातियापाटा में रविवार को भाजपा का बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्रखंड की चार पंचायतों के कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए। मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस अवसर पर कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में माफियाओं को शरण मिल रहा है। गरीब जनता को हर काम के लिए अधिकारियों को रिश्वत देना पड़ता है।
बंग्लादेशी घुसपैठियों की संख्या झारखंड में लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा घुसपैठियों को नहीं रोका गया तो एक दिन हम सभी को झारखंड छोड़कर जाना पड़ेगा। घुसपैठिए झारखंड की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। कई जिलों में घुसपैठियों की संख्या बढ़ती जा रही है। फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाकर घुसपैठियों को बसाया जा रहा है।
बंगाल से झारखंड में आकर घुसपैठिए झारखंड में बस रहें हैं। उन्होंने कहा कि जमीन, रोटी, बेटी और रोजगार को बचाने के लिए और माफियाओं से मुक्ति दिलाने के लिए भाजपा को वोट दें। उपचुनाव में जीत से झारखंड सरकार को जनभावनाओं का संदेश मिलेगा। सम्मेलन को सांसद विद्युत वरण महतो, अभय सिंह, लखन मार्डी समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया। मौके पर जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव, प्रखंड अध्यक्ष पुलक गांतात, गौर चंद्र पात्र, दिजेन प्रधान, सुमंत श्यामल, प्रमुख शुभजीत मुंडा, उप प्रमुख रतन लाल राउत समेत भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।


