11 अक्तूबर तक मतदाता सूची में जोड़े जा सकेंगे नाम
जमशेदपुर : घाटशिला विधान सभा उप चुनाव की प्रक्रिया 13 अक्तूबर से शुरू जाएगी। उसी दिन स्थानीय स्तर पर अधिसूचना जारी होगी और नामांकन शुरू हो जाएगा। 21 तक नामांकन होगा। यह यह जानकारी उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके कारण अब कोई नई विकास योजना शुरू नहीं हो सकेगी। हालांकि जो योजना चल रही है, उसका काम जारी रहेगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान की सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाएगी। आचार संहिता लागू होने के साथ ही निर्वाचन कार्य हेतु गठित सभी कोषांग को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्वाचन कार्य के सफल संपादन हेतु कुल 15 कोषांग गठित किये गये हैं जिनमें निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, ईवीएम कोषांग, स्वीप कोषांग, समाग्री कोषांग, व्यय लेखा कोषांग, मतपत्र कोषांग, वाहन कोषांग, सूचना तकनीकी कोषांग, एमसीसी एवं विधि व्यवस्था कोषांग, डीसीसी कोषांग, सुविधा, सी-विजिल, मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग, कंट्रोल रूम, शिकायत निवारण सह वोटर हेल्प लाइन, प्रेक्षक कोषांग, पीडब्ल्यूडी कोषांग शामिल हैं। सभी नोडल पदाधिकारियों को उनकी भूमिका एवं दायित्वों के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि घाटशिला (आदिवासी सुरक्षित) विधानसभा उप चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्रा होंगे। सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में सीओ धालभूमगढ़, सीओ घाटशिला एवं बीडीओ घाटशिला काम करेंगे। नामांकन की प्रक्रिया अनुमंडल कार्यालय घाटशिला में संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि के 10 दिन पूर्व तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु आवेदन कर सकते हैं।
16 चेकनाका बनाये जाएंगे : एसएसपी
इस मौके पर एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु समुचित सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। क्रिटिकल बूथों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने से रोकने हेतु नगद, शराब, उपहार, ड्रग्स के अवैध परिवहन एवं असामाजिक तत्वों की निगरानी के लिए 16 चेकनाका बनाए जाएंगे। इनमें 10 इंटर स्टेट, 5 इंटर डिस्ट्रिक्ट तथा एक चेकनाका शहरी क्षेत्र में होगा। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु अभियान चलाते हुए निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन कराते हुए जमा कराया जाएगा। साथ ही किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों के रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाया जाएगा।
चुनावी कार्यक्रम
अधिसूचना जारी करने की तिथि- 13.10.2025 (सोमवार)
नामांकन की अंतिम तिथि- 21.10.2025 (मंगलवार)
नामांकन पत्रों की जांच की तिथि- 22.10.2025 (बुधवार)
उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि- 24.10.2025 (शुक्रवार)
मतदान की तिथि- 11.11.2025 (मंगलवार)
मतगणना की तिथि- 14.11.2025 (शुक्रवार)
निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने की अंतिम तिथि- 16.11.2025 (रविवार)
