जमशेदपुर के साकची शीतला माता मंदिर में दिखा श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम, विधिवत पूजा अर्चना के साथ पंडाल का उद्घाटन
जमशेदपुर: श्री श्री शीतला माता मंदिर साकची के पूजा पंडाल का उद्घाटन माहा सप्तमी के दिन सोमवार को भव्य और दिव्य वातावरण में पूरी श्रद्धा व आस्था के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, स्थानीय जनता एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में धार्मिक विधि-विधान के अनुसार पूजा-अर्चना की गई और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे बहरागोड़ा के पूर्व विधायक व झामुमो नेता कुणाल सारंगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों का निर्माण न केवल आध्यात्मिक विकास का केंद्र होता है, बल्कि समाज को जोड़ने का माध्यम भी बनता है। उन्होंने समिति और आयोजनकर्ताओं को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।
समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी सूर्यकांत झा ने की, जबकि आयोजन समिति के सचिव रितेश बाजपेई ने समस्त अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति के सचिव सह शहर की अनेक संस्थाओं से जुड़े वरिष्ठ समाजसेवी रामबाबू सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री व योग समेत कई संस्थानों से जुड़े पप्पू शुक्ला, , पूर्व डीएसपी जगदीश प्रसाद, अभिषेक बाजपेई, और अन्य कई समाजसेवी एवं सम्माननीय व्यक्तित्व उपस्थित रहे।
पूरे उद्घाटन समारोह को धार्मिक और पारंपरिक विधियों से सम्पन्न कराया गया। मुख्य पुजारी आशुतोष शुक्ल एवं निखिल शुक्ला द्वारा वेदिक मंत्रोच्चारण एवं विधिवत पूजा-अर्चना सम्पन्न करवाई गई। मंदिर प्रांगण में हवन, आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समारोह में स्थानीय कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिला श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह आयोजन और भी खास बन गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल एक पूजा पंडाल का उद्घाटन भर नहीं था, बल्कि समाज में सांस्कृतिक और धार्मिक चेतना को पुनर्जीवित करना भी था।
आयोजन समिति ने आगे भी इसी प्रकार के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
