जामताड़ा : जामताड़ा के चिरूडीह गांगुडीह में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिवंगत शिबू सोरेन की भव्य प्रतिमा बनाई जाएगी। प्रस्तावित स्थल पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया और प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमि पूजन की गई। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो और राज्य के मंत्री इरफान अंसारी मौजूद थे। विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने शिबू सोरेन के संघर्ष के दोनों को याद करते हुए कहा कि गुरु जी ने इस इलाके से अपनी राजनीति शुरू की थी और उनकी पहली राजनीतिक शुरुआत शुद्ध कोर महाजनों के खिलाफ हुई थी। झारखंड वासी इस जगह को ऐतिहासिक स्थल मानते हैं यहीं पर चिरूडीह कांड हुआ था।
विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने कहा कि हमारा प्रयास है कि इस जगह पर उनकी याद में विशाल प्रतिमा स्थापित की जाए। वहीं मंत्री इरफान अंसारी ने कहा की गंगुडीह चिरुड़ीह उनका संघर्ष के दिनों की जगह है जो इतिहास के पन्नों में दर्ज है। इस जगह पर सरकार शिबू सोरेन पार्क बनाएगी। मंत्री इरफान अंसारी ने कहा भाजपा की सरकार में हमने गुरुजी के नाम पर पार्क बनाने के लिए पैसे की मांग की थी उस समय हमें नहीं दिया गया था। अब हमारी सरकार है और जल्द ही इस जगह पर गुरुजी के नाम से बहुत बड़ा पार्क बनाएंगे जो आसपास के इलाकों से भी लोग आएंगे। गुरुजी ने जो लड़ाई लड़ी है आज उसी का नतीजा है कि हमें झारखंड मिला है।

