Jamshedpur Akhilesh Singh: जानिए कानपुर में कैसे दबोचा गया गैंगस्टर अखिलेश सिंह का करीबी सहयोगी कन्हैया सिंह, जमशेदपुर ला रही पुलिस
जमशेदपुर : गैंगस्टर अखिलेश सिंह गिरोह के सदस्य कन्हैया सिंह को जमशेदपुर पुलिस ने यूपी पुलिस की सहायता से कानपुर रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के समय स्टेशन पर कन्हैया सिंह के साथ उसकी पत्नी और बच्चे भी मौजूद थे. इसके पूर्व पुलिस ने कन्हैया के भतीजे अमित सिंह उर्फ श्याम बाबू को गिरफ्तार किया था. अमित से पूछताछ के दौरान पुलिस को कन्हैया की गतिविधि का पता चला. इसके बाद उसे कानपुर जाकर स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने सोमवार की सुबह अमित को टीएमएच से पकड़ा. पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान पुलिस को अमित के मोबाइल के ट्रेन का टिकट मिला जो कि कानपुर से दिल्ली तक का था. इसके अलावा उसके पास से फ्लाइट का भी टिकट बरामद किया गया, जो कि कन्हैया सिंह के नाम पर था. पूछताछ में अमित ने पुलिस को बताया कि कन्हैया सिंह अपने परिवार संग वैष्णो देवी जा रहा है. इसके बाद जमशेदपुर पुलिस ने यूपी पुलिस से संपर्क किया और तत्काल जमशेदपुर पुलिस फ्लाइट से दिल्ली गई और वहां से कानपुर पहुंची. जहां रेलवे स्टेशन पर पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से उसे गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के दौरान वह अपने परिवार के संग था. पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जमशेदपुर लौट रही है. कन्हैया सिंह पर जमशेदपुर कोर्ट में बीते दिनों पकड़ाए अंशु चौहान को हथियार देने का भी आरोप है. हथियार के साथ पकड़ाए अंशु ने पुलिस को बताया था कि कन्हैया ने ही उसे हथियार दिया था. इसके बाद से पुलिस कन्हैया की तलाश कर रही थी. इसके अलावा कन्हैया पर कई आरोप हैं.
