पटमदा: पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम थाना क्षेत्र के हलूदबनी गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। आम तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरने से 15 वर्षीय छात्र साहिल बास्के गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद वह करीब दो घंटे तक स्कूल परिसर में घायल अवस्था में पड़ा रहा।मौके पर उसकी मदद करने वाला कोई मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार, साहिल बास्के हलूदबनी निवासी फुदान बास्के का पुत्र है और साकची स्थित पीपुल्स एकेडमी, बाराद्वारी में कक्षा नौवीं का छात्र है।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे स्कूल से घर लौटने के बाद वह लगभग 2 बजे अकेले आम तोड़ने के लिए हलूदबनी उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर पहुंचा था।
इसी दौरान आम तोड़ते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से नीचे गिर गया। अकेले होने के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजन स्कूल परिसर पहुंचे, जहां साहिल गंभीर रूप से घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा मिला।
परिजनों ने बताया कि गिरने से साहिल के सीने और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल होने के बाद उसने खून की उल्टी भी की, जिससे उसकी स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई।
इसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद परिवार के सदस्य काफी चिंतित हैं और साहिल के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। फिलहाल उसकी स्थित स्थिर बताई जा रही है।
