जमशेदपुर। साकची स्थित बसंत टॉकीज के पास सब्जी मंडी में एक सब्जी विक्रेता की ईमानदारी ने लोगों का दिल जीत लिया। जिस महिला डॉक्टर का ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का आभूषण मंगलवार को मंडी में खरीदारी के दौरान गुम हो गया था, वह बुधवार को सुरक्षित वापस मिल गया। खोया हुआ गहना वापस मिलने के बाद डॉक्टर के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। वह एक दिन पहले तक गहना खो जाने से बेहद परेशान थीं और इसकी शिकायत दर्ज कराने साकची थाना तक पहुंच गई थीं। उन्हें भी उम्मीद नहीं थी कि इतना कीमती आभूषण दोबारा मिल पाएगा।जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी डॉ. आरती ने हाल ही में एक ज्वेलरी दुकान से करीब ढाई लाख रुपये का सोने का आभूषण खरीदा था। मंगलवार को वह अपनी कार से साकची सब्जी मंडी पहुंचीं। खरीदारी के दौरान पर्स से पैसे निकालते समय उनका कीमती आभूषण अनजाने में कहीं गिर गया। कुछ देर बाद जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने मंडी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की। कई लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन आभूषण का कोई सुराग नहीं मिला।गहना नहीं मिलने पर डॉ. आरती काफी चिंतित हो गईं और अंतत: साकची थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्हें लगने लगा था कि अब शायद उनका कीमती आभूषण कभी वापस नहीं मिलेगा। इसी बीच बुधवार को मंडी के सब्जी विक्रेता अहमद को अपनी दुकान के पास वह सोने का आभूषण मिला। अहमद ने बिना किसी लालच के ईमानदारी का परिचय देते हुए इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी। बाद में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव की मौजूदगी में गहना डॉ. आरती को सौंप दिया गया।अपना खोया हुआ आभूषण सुरक्षित वापस पाकर डॉ. आरती की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने अहमद का आभार जताते हुए कहा कि आज के दौर में ऐसी ईमानदारी बहुत कम देखने को मिलती है। वहीं मंडी के अन्य दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी अहमद की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है और ईमानदारी की एक बेहतरीन मिसाल पेश करता है।
