August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

Tata Steel Wage Revision Today: कर्मचारियों को मिलेगी ₹18,000 से ₹22,000 तक वेतन वृद्धि, आज होगा समझौते पर हस्ताक्षर

Tata Steel Wage Revision Today: कर्मचारियों को मिलेगी ₹18,000 से ₹22,000 तक वेतन वृद्धि, आज होगा समझौते पर हस्ताक्षर

जमशेदपुर : जमशेदपुर में टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए बहुप्रतीक्षित वेतन पुनरीक्षण (वेज रिवीजन) समझौते को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मंगलवार देर रात तक चली मैराथन वार्ता के बाद समझौते का प्रारूप तैयार कर लिया गया है और बुधवार को अंतिम मुहर लगने की संभावना है।

इस समझौते के लागू होने के बाद कर्मचारियों के वेतन में ₹18,000 से ₹22,000 तक की बढ़ोतरी होने का रास्ता साफ हो जाएगा।

वेज रिवीजन को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं का आज निर्णायक दिन है। मंगलवार को कंपनी प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच लगभग 10 घंटे तक चली गहन वार्ता के बाद समझौते के अधिकांश बिंदुओं पर सहमति बन गई।

समझौते का प्रारंभिक मसौदा तैयार कर लिया गया है और बुधवार को अंतिम चर्चा के बाद इस पर औपचारिक हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है।

मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे शुरू हुई बैठक देर शाम तक चली। वार्ता में टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टी.वी. नरेंद्रन तथा चीफ पीपल ऑफिसर अत्रयी सान्याल सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। बताया जा रहा है कि समझौता सात वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा।

समझौते के तहत ओल्ड सीरीज कर्मचारियों के लिए न्यूनतम गारंटीड बेनिफिट (एमजीबी) 10 प्रतिशत निर्धारित किया गया है, जबकि न्यू सीरीज (एनएस ग्रेड) कर्मचारियों के लिए यह लगभग 12 प्रतिशत रहेगा। एनएस ग्रेड कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) के प्रति अंक में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की जाएगी।

वहीं, फिक्स्ड डीए (एफडीए) में न्यूनतम ₹250 की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। एनएस ग्रेड कर्मचारियों के लिए वर्तमान ₹165 के न्यूनतम वार्षिक इंक्रीमेंट में ₹30 की वृद्धि किए जाने पर सहमति बनी है।

साथ ही ओल्ड सीरीज कर्मचारियों के लिए मौजूदा वेतन संरचना (स्पैन) को यथावत रखा गया है।

वेतन पुनरीक्षण लागू होने के बाद ओल्ड सीरीज कर्मचारियों के मासिक वेतन में औसतन ₹20,000 से ₹22,000 तक की वृद्धि होने की संभावना है। वहीं एनएस ग्रेड कर्मचारियों को प्रति माह लगभग ₹18,000 से ₹19,000 तक का अतिरिक्त लाभ मिल सकता है।

बढ़ती महंगाई को देखते हुए विभिन्न भत्तों में भी ₹5,000 से ₹6,000 तक की वृद्धि पर व्यापक सहमति बनी है। इसके अलावा एनएस ग्रेड कर्मचारियों के लिए विशेष प्रावधान किया गया है, जिसके तहत एक ही पद पर लगातार चार वर्ष तक कार्यरत रहने पर अतिरिक्त लाभ प्रदान किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, वेज रिवीजन समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद कंपनी में नई नियुक्तियों का रास्ता भी खुल सकता है। हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय कंपनी के एमडी एवं सीईओ की मंजूरी के बाद लिया जाएगा।

कंपनी के कर्मचारियों को लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी का इंतजार था। संभवत: आज उनकी प्रतीक्षा पर विराम लगेगा।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading