चाईबासा : गुआ क्षेत्र में वन देवी मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा तोड़े जाने पर हिंदू संगठन आक्रोशित हैं। आक्रोशित लोगों ने घटना के विरोध में सोमवार को गुआ बाजार को बंद कराया है। मां दुर्गा की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित कर साड़ी एवं आभूषण को उतार कर फेंक दिए जाने की घटना के विरोध में हिंदू संगठन और स्थानीय नागरिकों ने गुवा बाजार में पूर्ण बंदी का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर दिखा। सभी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहे। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और शांतिपूर्ण बंद का समर्थन करने की अपील की। हिंदू संगठनों के लोग इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई की माँग कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने थाना प्रभारी से मिलकर दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
