चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब अनियंत्रित ट्रैक्टर तालाब में जा गिरा और उसके नीचे दबकर दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बालीडी गांव निवासी 23 वर्षीय ट्रैक्टर चालक समीर बारला और 15 वर्षीय परमेश्वर तियु के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बुधवार सुबह ट्रैक्टर की सर्विसिंग कराने चाईबासा आए थे। करीब 11:45 बजे वे ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पमपड़ा गांव के पास अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरा।
हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला।
इसके बाद घटना की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि दोनों युवक ट्रैक्टर की सर्विसिंग कराने चाईबासा आए थे और वापस लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
