August 5, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
भारत

बिहार लौटे अंडर-18 हॉकी गोलकीपर सावन कुमार, पटना एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, खेल मंत्री ने खिलाई मिठाई

बिहार लौटे अंडर-18 हॉकी गोलकीपर सावन कुमार, पटना एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, खेल मंत्री ने खिलाई मिठाई

पटना, 9 जून (आईएएनएस)। जापान से लौटने पर पटना एयरपोर्ट पर अंडर-18 हॉकी गोलकीपर सावन कुमार का स्वागत किया गया। उन्होंने वहां एशियन हॉकी टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया और गोल्ड मेडल जीता। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक (डीजी) रवींद्र शंकरन और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने उनका स्वागत किया।

पटना एयरपोर्ट पर अंडर-18 हॉकी गोलकीपर सावन कुमार का परिवार मौजूद था। उन्होंने बेटे का फूल-मालाओं से स्वागत किया। वहीं, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने सावन कुमार को मिठाई खिलाई। गोलकीपर सावन कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतना बहुत खुशी की बात है। बिहार में खेल के क्षेत्र में काफी विकास हो रहा है।”

इस अवसर पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक और सीईओ रवींद्रण शंकरन ने कहा कि आज बिहार खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है और इसका पूरा श्रेय बिहार सरकार को जाता है।

उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी, जिसमें खेल मंत्री समेत हम सभी मौजूद थे। चर्चा सिर्फ क्रिकेट के बारे में नहीं, बल्कि बिहार में लोकप्रिय सभी खेलों- जैसे फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, हॉकी और अन्य के बारे में हुई।”

उन्होंने बताया कि अभी प्रयोग के रूप में ब्लॉक स्तर पर स्टेडियम बने हैं, उसमें से 50 का चयन करके उस क्षेत्र के खिलाड़ियों को उन्हें सौंपा जाएगा, ताकि खेलों को बढ़ावा मिले।

मंत्री श्रेयसी सिंह ने सावन कुमार की तारीफ करते हुए कहा, “आज बिहार के गौरव सावन कुमार ने गोल्ड मेडल टीम का हिस्सा बनकर हर प्रदेशवासी को गौरवान्वित करने का एक अवसर दिया है। निश्चित रूप से खेल इसी तरह से आगे बढ़ता रहे।”

इस दौरान, मंत्री श्रेयसी सिंह ने बिहार के दो क्रिकेट खिलाड़ियों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “निश्चित रूप से, हम सभी के लिए यह गर्व की बात है कि बिहार के दो खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं। यह सभी के लिए गर्व का क्षण है। जहां ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं वैभव सूर्यवंशी ने भी आईपीएल में पहचान और तारीफें हासिल की हैं। इससे साफ पता चलता है कि बिहार क्रिकेट की दुनिया में लगातार आगे बढ़ रहा है।”

डीसीएच

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading