पथ प्रमंडल बरही के कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो व सहायक अभियंता चिरंजीवी दांगी के खिलाफ मिली थी शिकायत
हजारीबाग : झारखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की सख्ती के बावजूद विभिन्न विभागों में रिश्वतखोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई तो होती है, दोषी पकड़े भी जाते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है।
इसी क्रम में हजारीबाग में एसीबी ने पथ प्रमंडल बरही के कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो और सहायक अभियंता चिरंजीवी दांगी को 1 लाख 72 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के खरखरी गांव निवासी ब्रजेश कुमार राय ने एसीबी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी, गंगा कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, को पंचायत मरम्मती योजना के तहत सड़क, बैरियर, ड्रेन और बाउंड्री निर्माण का कार्य मिला था।
घूस मांगने का आरोप
शिकायत के अनुसार, कार्यपालक अभियंता ने दिसंबर में रिवाइज्ड एग्रीमेंट राशि का 1 प्रतिशत, अब तक हुए भुगतान का 1 प्रतिशत और उड़नदस्ता टीम के नाम पर कुल 5 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। जांच के दौरान एसीबी ने पाया कि दोनों अभियंताओं ने मिलकर 1 लाख 72 हजार रुपये की मांग की थी।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में गिरफ्तारी
आरोप की पुष्टि के बाद एसीबी ने गुरुवार को दंडाधिकारी और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए दोनों अभियंताओं को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
पूछताछ जारी, संपत्ति की जांच होगी
गिरफ्तारी के बाद एसीबी दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है। साथ ही उनकी चल एवं अचल संपत्तियों की भी जांच की जाएगी। एसीबी का कहना है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
मालूम हो कि झारखंड एसीबी में वर्ष 2026 के शुरुआती महीनों में भ्रष्टाचार के मामले में जनवरी में 18 और अप्रैल में रिम्स जमीन घोटाले में चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
