महिला दिवस पर महिलाओं को आदित्यपुर रेलवे स्टेशन की कमान, डीआरएम ने किया सम्मानित
आदित्यपुर : महिला दिवस के मौके पर चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण कुमार हुरिया ने आदित्यपुर रेलवे स्टेशन की कमान संभाल रहीं सभी महिला रेलकर्मियों को सम्मानित किया।
वैसे आदित्यपुर रेलवे स्टेशन भारत के प्रमुख महिला-संचालित स्टेशनों में से एक है। यहां वर्ष 2018 में ही कामकाज पूरी तरह से महिला कर्मियों को सौंप दिया गया था। यहाँ स्टेशन मास्टर, टिकट बुकिंग, और सुरक्षा सहित सभी परिचालन कार्य महिला कर्मचाररी ही संभालती हैं। आदित्यपुर स्टेशन महिला सशक्तिकरण की बानगी है।
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर रेलवे स्टेशन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्टेशन के संचालन की जिम्मेदारी महिला कर्मचारियों को सौंपते हुए महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन इनर व्हील क्लब जमशेदपुर के तत्वावधान में किया गया, जिसमें चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण कुमार हुरिया मुख्य अतिथि के रूप में अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम तरुण कुमार हुरिया ने कहा कि आज भारतीय रेलवे के विभिन्न विभागों में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि चक्रधरपुर रेल मंडल में लगभग 2000 महिला कर्मचारी कार्यरत हैं, जो लोको पायलट, स्टेशन मास्टर, टीटीई, आरपीएफ और सिग्नल मेंटेनर जैसे अहम पदों पर अपनी जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आदित्यपुर रचक्रधरपुर रेल मंडल में लगभग 2000 महिला कर्मचारी कार्यरतउदाहरण है।
उन्होंने महिला कर्मचारियों के समर्पण और कार्यक्षमता की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे प्रशासन महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला रेल कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर एडीआरएम अजीतेंद्र त्रिपाठी, सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी सहित रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं इनर व्हील क्लब जमशेदपुर की अध्यक्ष एग्निस बॉयल, पूर्व अध्यक्ष मंजू सिंह, पीडीसी अलोका नंद बक्शी सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में अर्चना सिंह, विद्या तिवारी, कनक सिंघल, पुष्पलता और चंचला सिंह समेत बड़ी संख्या में महिला रेलकर्मियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंत में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे लाने का संकल्प लिया गया।
