जमशेदपुर. आजादनगर थाना क्षेत्र में एक छात्रा से हुई लूट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
21 जनवरी की सुबह करीब साढ़े सात बजे छात्रा कुली रोड से पढ़ने जा रही थी, तभी दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उसे झपट्टा मारकर लूट लिया.
इस घटना में छात्रा का मोबाइल फोन, नकद राशि और आवश्यक दस्तावेज चोरी हो गई। छात्रा ने घटना के बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम और पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के निर्देश पर आजादनगर थाना पुलिस ने छापेमारी अभियान शुरू किया.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मो. फरहान उर्फ शब्बान, उम्र 20 वर्ष, निवासी केजरीनगर कॉलोनी रोड नंबर-2, थाना आजादनगर को गिरफ्तार किया.
आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन, नकद राशि, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है.
आजादनगर थाना प्रभारी चन्दन कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है और सभी सबूतों को रिकॉर्ड किया जा रहा है.
