जमशेदपुर। युवाओं के मार्गदर्शन और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर सक्रिय संयुक्त युवा संघ ने आज राष्ट्रीय युवा दिवस के पावन अवसर पर उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपकर जमशेदपुर शहर के प्रमुख चौराहों पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित करने तथा शहर को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाने हेतु ठोस कदम उठाने की मांग की।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के वैश्विक प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण और आत्मबल को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। जमशेदपुर जैसे औद्योगिक एवं युवा बहुल शहर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा और ऊर्जा का केंद्र साबित होगी।
संघ ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बताया कि 12 जनवरी 2021 को भी शहर के प्रमुख चौराहों पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापना की मांग की गई थी, लेकिन पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद इस दिशा में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे युवाओं में निराशा है।
मांग पत्र में शहर में बढ़ती नशाखोरी और आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। संघ ने कहा कि आज का युवा तेजी से भटक रहा है, जिसे सही दिशा देने की आवश्यकता है। स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को समाज में स्थापित कर तथा युवाओं को नशा मुक्ति अभियान से जोड़कर ही इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
संयुक्त युवा संघ ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि यदि सरकार प्रतिमा स्थापना और नशा मुक्ति को लेकर ठोस एवं प्रभावी कदम उठाती है, तो शहर का हर जागरूक युवा इस सामाजिक परिवर्तन में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएगा।
