August 7, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

चाकुलिया-धालभूमगढ़ सड़क पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार युवक गंभीर रूप से घायल, झाड़ग्राम रेफर

चाकुलिया-धालभूमगढ़ सड़क पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार युवक गंभीर रूप से घायल, झाड़ग्राम रेफर

चाकुलिया : कोल्हान के तीनों जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में सड़क हादसे थम नहीं रहे। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत भालुकबिंदा गांव के पास शुक्रवार को चाकुलिया-धालभूमगढ़ मुख्य सड़क पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौठिया गांव निवासी गणेश कर्मकार (19) और सालखु मुर्मू (18) केटीएम बाइक से बड़ियागजाड़ की ओर जा रहे थे। वहीं, दूसरी ओर से भालुकबिंदा गांव निवासी तापस महाकुड़ (27) और गुड़ाबांदा प्रखंड के अंगारपाड़ा गांव निवासी अरूप महाकुड़ (30) मोटरसाइकिल से चाकुलिया रेलवे स्टेशन टिकट लेने आ रहे थे।

बताया जाता है कि सड़क के एक मोड़ पर दोनों बाइकों की रफ्तार तेज होने के कारण आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉ. नरेश बास्के ने सभी का प्राथमिक उपचार किया।

चिकित्सकों ने तापस महाकुड़, अरूप महाकुड़ और गणेश कर्मकार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया। जबकि सालखु मुर्मू का उपचार चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

डॉ. नरेश बास्के ने बताया कि दुर्घटना में गणेश कर्मकार और तापस महाकुड़ का हाथ टूट गया है, जबकि अरूप महाकुड़ के पैर में फ्रैक्चर हुआ है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading