जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो गोलचक्कर के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में अनियंत्रित चेचिस वाहन ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया. इस हादसे में बाइक चला रहे मांगगो के रहने वाले लाला विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी नीलम शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गई है. इस एक्सीडेंट में पत्नी का भी हाथ टूट गया है। डिमना रोड विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी हैं। एलआईसी में काम करते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार चेचिस वाहन ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मारने के बाद करीब 100 मीटर तक घसीटते ले गया. इसके बाद चालक वाहन छोड़ भागने का प्रयास किया लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
हादसे की भयावहता इतनी थी कि सड़क पर अफरा- तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के समय मौके पर पुलिस की मौजूदगी थी, इसके बावजूद इस तरह की दुर्घटना होना पुलिस प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है.
हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए. घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई.
पुलिस ने लोगों को समझा- बुझाकर सड़क यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया. घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और पुलिस की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है.
