पूर्वी सिंहभूम के सभी स्कूलों में 5 व 6 जनवरी को रहेगा अवकाश, 6 को सरकारी विद्यालय शिक्षकों के लिए खुले रहेंगे
जमशेदपुर : भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड एवं शीतलहर के कारण तापमान न्यूनतम होने से संबंधित चेतावनी उपलब्ध करायी गयी है।
ठंड के कारण जिला प्रशासन ने दो दिनों के अवकाश का निर्णय लिया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के आदेशानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत् पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों में नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य दिनांक 05 और 06जनवरी को स्थगित किया गया है। सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे उपरोक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।
यदि उक्त अवधि में किसी विद्यालय में परीक्षा आयोजित है तो अपने विवेकानुसार विद्यालय में परीक्षा का संचालन करेंगे। 6 जनवरी 2026 को सरकारी विद्यालय शिक्षकों के लिए खुले रहेंगे, जिसमें शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी विद्यालय में उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति eVV पर दर्ज करेंगे एवं विद्यालय के गैर शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
