जमशेदपुर : शहर वासियों ने नव वर्ष 2026 का स्वागत पूरे श्रद्धा और भक्ति के साथ किया. गुरुवार सुबह से ही शहर के विभिन्न मंदिरों में भक्त भगवान की आराधना में लीन नजर आए. इस क्रम में एनएच- 33 स्थित पारडीह काली मंदिर में भी आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. मंदिर में नव वर्ष के पहले दिन विशेष पूजा- अर्चना का आयोजन किया गया और आज ही पारडीह काली मंदिर का स्थापना दिवस भी है. इस अवसर पर हजारों साधु-संत और आम श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा में भाग लिया.
पूजा- अर्चना के बाद मंदिर परिसर में भव्य महा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. मंदिर में जयकारों और भक्ति संगीत की गूंज से पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा.
इस मौके पर जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत विद्यानंद सरस्वती ने कहा कि साल के प्रथम दिन मंदिरों में उमड़ी भारी भीड़ यह दर्शाती है कि युवा पीढ़ी अब अपनी संस्कृति और धर्म की ओर लौट रही है. उन्होंने सभी भक्तों से आस्था बनाए रखने और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी.
उधर शहर के जुबिली पार्क में भी गुरुवार को सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी. लोग सपरिवार जुबिली पार्क पहुंचे और गुनगुनी धूप के बीच पिकनिक और जंगल सफारी का आनंद उठाया.
आपको बता दें कि हर साल सर्दियों के मौसम में जुबिली पार्क को टाटा प्रबंधन द्वारा विशेष रूप से सैलानियों के लिए सजाया संवारा जाता है. वैसे तो सालों भर जुबिली पार्क सैलानियों से गुलजार रहता है मगर सर्दियों के मौसम में इसकी खूबसूरती न केवल शहर वासियों बल्कि दूसरे राज्यों के सैलानियों को भी अपनी ओर खींच लाती है.
इस साल भी पड़ोसी राज्य बंगाल और उड़ीसा के सैलानी यहां पहुंच रहे हैं और पार्क के मनोरम वादियों का आनंद उठा रहे हैं.
