राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जमशेदपुर दौरे को लेकर मॉक ड्रील का आयोजन, प्रशासन भी अलर्ट मोड में
जमशेदपुर : करनडीह जाहेर थान में 29 दिसंबर को होने वाले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम से पहले शुक्रवार को मॉक ड्रील (रिहर्सल) आयोजित की गई। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रपति को पूजा स्थल, पंडित रघुनाथ मुर्मू की मूर्ति, ग्रीन रूम और मंच तक सुरक्षित और सुचारू मार्ग सुनिश्चित करना था।
रिहर्सल में जाहेर थान कमेटी की एक महिला को राष्ट्रपति बनाकर पूरी प्रक्रिया को जाँचा गया। कमेटी के सदस्यों ने मुख्य गेट पर उनका भव्य स्वागत पारंपरिक मांदर और धमसे की थाप के बीच किया। स्वागत के बाद “राष्ट्रपति” को पहले पूजा स्थल तक ले जाया गया, जहां उन्होंने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की।
इसके बाद प्रतिनिधि ने पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, जिसे श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक माना गया। पूजा और माल्यार्पण के बाद “राष्ट्रपति” को ग्रीन रूम तक ले जाकर 10 मिनट के विश्राम की प्रक्रिया पूरी की गई।
अंत में मंच तक जाने की प्रक्रिया पर ध्यान दिया गया। मंच पर पहुंचते ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पटमदा की छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गान की धुन ने माहौल को और भव्य बना दिया।
आदिवासी समाज, परसुडीह के अध्यक्ष .रविन्द्र नाथ मुर्मू ने बताया कि जमशेदपुर आगामी 29 दिसम्बर को देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू शहर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति परसुडीह के करनडीह स्थित जहेर थान में ओल चिकि लिपि के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम मे शामिल होंगी।
पोटका के विधायक संजीव सरदार के नेतृत्व मे आदिवासी रीति रीवाज से उनका स्वागत किया जाएगा। उसके बाद राष्ट्रपति जाहेर थान मेे पूजा अर्चना करेंगी।
उसके बाद 10 मिनट का ब्रेक होगा। इसके बाद कार्यक्रम की शुरुआत होगी। महामहिम एक घंटे तक यंहा रहेंगी, उसके बाद वें सरायकेला के आदित्यपुर स्थित एनआईटी के लिए रवाना होंगी।
वहां एनआईटी के दीक्षांत समारोह मे शामिल होंगी। परसुडीह के जाहेर थान के आदिवासी समाज के लोगों ने आज एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया और राष्ट्रपति के कार्यक्रम की जानकारी दी।
, समाज के अध्यक्ष रविन्द्र नाथ मुर्मू ने कहा कि राष्टपति जब मंच पर पहुंचेंगी तब कस्तूरबा गाँधी की बालिकाएं राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत करेंगी। उसके बाद राष्ट्रपति एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप जला कर कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। मौके पर 100 लोगों को सम्मानित किया जाएगा।

