जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो आजादनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पटमदा डीएसपी बच्चनदेव कुजूर ने बताया कि एनएच-33 पर सिटी इन होटल के समीप स्थित एक बाबा गैरेज ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में 30 वर्षीय मूकबधिर युवती के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली है। दुष्कर्म पीड़िता के भाई ने लिखित आवेदन दिया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना के बाद पीड़िता के परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी अमित कुमार ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में देखरेख का कार्य करता है। पीड़िता मूकबधिर है और रोजमर्रा के काम के तहत पानी भरने और गोबर लाने के लिए अक्सर उसी परिसर में जाया करती थी। परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन भी युवती गोबर लाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। जब युवती घर नहीं पहुंची तो परिजन उसकी तलाश में निकले और ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर पहुंचे।
वहां उन्होंने आरोपी अमित कुमार को युवती के साथ जबरदस्ती करते हुए देखा। परिजनों ने शोर मचाकर आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी और परिजनों के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें आरोपी अमित कुमार की आंख के नीचे गंभीर चोट आई।
इसके बाद परिजनों ने आरोपी को आजादनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के एक सहयोगी को भी हिरासत में लिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है और कानून के अनुसार बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। डीएसपी पटमदा ने कहा की मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता के परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
