एमजीएम के तुरियाबेड़ा में सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकाकर्मी की हत्या मामले में तीन सहकर्मी गिरफ्तार, पूछताछ कर रही पुलिस
जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा के पास एनएच पर सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकाकर्मी प्रताप सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने उसके तीन सहकर्मियों जसकरण सिंह, विशाल और अर्षप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के भांजा के बयान पर तीनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रताप सिंह सड़क चौड़ीकरण कार्य में अपने रिश्तेदारों और भाइयों के साथ काम करता था। शनिवार को मजदूर क्रेन की मदद से लोहे की प्लेटें लगाने का कार्य कर रहे थे। साइट फोरमैन रंजीत सिंह रंधावा ने बताया कि फोन पर उन्हें जानकारी मिली कि एक प्लेट लग चुकी है और दूसरी लगाने की तैयारी चल रही है। उन्होंने सभी को एहतियात बरतने की सलाह दी थी। कुछ देर बाद दोबारा फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं हुआ, जिसके बाद कॉल बैक आया और बताया गया कि प्रताप सिंह के साथ मारपीट हुई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।
गंभीर रूप से घायल प्रताप सिंह को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस के शीतगृह में रखा गया है। प्रताप सिंह पंजाब का रहने वाला था और उसके परिजन मंगलवार तक जमशेदपुर पहुंचेंगे, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
घटना के सही कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। पुलिस तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल व मजदूरों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
