पटमदा के बिड़रा में शादी के 15 दिनों बाद ही नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जमशेदपुर है मायका
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिड़रा गांव में सोमवार की दोपहर को एक महिला रिया प्रमाणिक (20) ने पति के साथ हुए विवाद के बाद अपने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना पाकर पहुंचे पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत ने घटना की छानबीन के पश्चात महिला के शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। ग्रामीणों के मुताबिक रिया की शादी पिछले करीब 15 दिनों पूर्व ही बिड़रा निवासी रवि प्रमाणिक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति -पत्नी में विवाद चल रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार संभवतः उसकी मर्जी के खिलाफ परिजनों ने बिड़रा में शादी कराई थी और इससे वह नाराज रहने लगी थी। उसने दुपट्टा के सहारे पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। वह फांसी में झूलने से पहले घर के दरवाजे की कुंडी को अंदर से बंद कर दिया था।
दोपहर करीब 2 बजे रवि के घरवालों द्वारा इसकी सूचना रिया के मायके वालों को दिए जाने के बाद शाम करीब 4 बजे वे लोग बिड़रा पहुंचे और मामले की जानकारी ली। शाम करीब 7 बजे पहुंची पुलिस ने दरवाजे को तोड़वाकर शव को उतरवाया। इस मामले में मृतका के जमशेदपुर निवासी मायके वालों ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं करने की जानकारी दी है।
