पटना: भारतीय निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए आधिकारिक अधिसूचना (Notification) शुक्रवार को जारी कर दी। इसके साथ ही शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत भी हो गई है। यह अधिसूचना बिहार के राज्यपाल द्वारा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 15(2) के तहत जारी की गई है।
चुनाव कार्यक्रम: तारीखें व विवरण
नामांकन की अंतिम तिथि: 17 अक्टूबर (शुक्रवार)
नामांकन पत्रों की जांच: 18 अक्टूबर
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 20 अक्टूबर
मतदान की तिथि: 6 नवंबर (गुरुवार), सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
दूसरे चरण का मतदान: 11 नवंबर
मतगणना की तिथि: 14 नवंबर
पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान
पहले चरण में 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसमें राज्य के प्रमुख जिले जैसे: पटना, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, शेखपुरा, नालंदा, बक्सर और भोजपुर शामिल हैं।
सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतज़ाम
निर्वाचन आयोग ने नामांकन केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। प्रत्याशी के साथ सिर्फ तीन वाहन और पांच व्यक्ति (प्रस्तावक समेत) ही अंदर जा सकेंगे। पूरी नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है।
8.50 लाख अधिकारी तैनात
इस बार चुनावी प्रक्रिया को निर्बाध और पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने राज्यभर में 8.5 लाख से अधिक अधिकारियों की तैनाती की है, जिसमें शामिल हैं:
4.53 लाख मतदान कर्मी
2.50 लाख पुलिसकर्मी
28,000 से अधिक मतगणना कर्मचारी
18,000 माइक्रो ऑब्जर्वर
इसके अलावा, सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में सामान्य पर्यवेक्षक (General Observers), 38 पुलिस पर्यवेक्षक और 67 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। ये अधिकारी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के साथ समन्वय बनाकर चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे।
