==मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप व कुणाल षाड़ंगी की पहल से संभव हुई घर वापसी
जमशेदपुर/बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के माटिहाना पंचायत के 13 मजदूरों की गुजरात से सकुशल घर वापसी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी की पहल से संभव हो पाई।
ये सभी मजदूर गुजरात की Agilis Vitrified Private Limited नामक कंपनी में काम करने गए थे, जहां उन्हें लगातार प्रताड़ना और अमानवीय व्यवहार का सामना करना पड़ रहा था।


सूत्रों के अनुसार, कंपनी प्रबंधन मजदूरों को न तो घर लौटने की अनुमति दे रहा था और न ही उनके साथ उचित व्यवहार कर रहा था।
थक-हारकर मजदूरों के परिजनों ने इस पूरे मामले की जानकारी केंद्रीय प्रवक्ता सह बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी को दी।
मामले की जानकारी मिलते ही कुणाल षाड़ंगी ने तुरंत राज्य के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से संपर्क किया और मजदूरों की स्थिति से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित जिला प्रशासन और श्रम विभाग को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर समन्वय स्थापित कर सभी 13 मजदूरों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गई।
शनिवार को जब मजदूर अपने घर लौटे, तो गांव में खुशियों का माहौल बन गया। ग्रामीणों और मजदूर परिवारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी और जिला प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा,य कि यह हमारे राज्य के श्रमिकों के लिए राहत की बात है कि सरकार हर संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का श्रमिकों के प्रति यह संवेदनशील दृष्टिकोण सराहनीय है।
