बिष्टुपुरमें चोरी की वारदात, चिकन पॉइंट और सैलून को बनाया निशानामुख्य बिंदु:
दुकानों के ताले तोड़कर नकदी व सामान चोरी
पहले भी हो चुकी है चिकन पॉइंट में चोरी
पुलिस जांच में जुटी, CCTV से सुराग तलाशने की कोशिश
स्थानीयों की मांग : रात्रि गश्ती हो सख्त
जमशेदपुर। शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर चोरों ने रात्रि गश्ती व्यवस्था की पोल खोल दी है।
बीती रात धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर के पास स्थित एक चिकन पॉइंट और सैलून का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
पीड़ित दुकानदारों के मुताबिक, चोरों ने पहले इलाके की रेकी की थी और सुनसान पाकर वारदात को अंजाम दिया।
चिकन पॉइंट के संचालक ने बताया कि गल्ले में रखे 8,000 से 10,000 रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया। यह दूसरी बार है जब उनकी दुकान में चोरी हुई है।
इसी के बगल स्थित सैलून में भी चोरी हुई। सैलून मालिक के अनुसार, दुकान के अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा मिला और नकदी गायब थी।
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।
