अटल मोहल्ला क्लीनिक’ का नाम बदलने पर भाजयुमो का फूटा गुस्सा
जमशेदपुर: झारखंड सरकार द्वारा ‘अटल मोहल्ला क्लीनिक’ का नाम बदलकर ‘मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक’ किए जाने के फैसले को लेकर प्रदेशभर में विरोध तेज हो गया है। इसी कड़ी में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर की ओर से शनिवार को साकची स्थित जुबिली पार्क गोलचक्कर पर झारखंड सरकार का पुतला दहन कर कड़ा विरोध दर्ज किया गया।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं का आरोप है कि राज्य सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से स्थापित ‘अटल मोहल्ला क्लीनिक’ का नाम बदलकर राजनीतिक दुर्भावना और तुष्टिकरण की नीति के तहत ‘मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक’ कर दिया है, जो बेहद निंदनीय और जनभावनाओं का अपमान है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जैसे राष्ट्रीय नेता और सुशासन के प्रतीक के नाम को हटाना न केवल अपमानजनक है, बल्कि यह झारखंड सरकार की विकृत मानसिकता को भी दर्शाता है। हम इस फैसले को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।” अन्य वक्ताओं ने सरकार पर “वोट बैंक की राजनीति”, “हिंदू विरोधी मानसिकता”, और “राष्ट्र नायकों के अपमान” का आरोप लगाया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस निर्णय को वापस नहीं लेती, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही, राज्यव्यापी प्रदर्शन की योजना भी बनाई जा रही है।
