आस्था और उल्लास का संगम : जमशेदपुर में बूंदाबांदी के बावजूद निकली शोभा यात्राएं, राममय हुआ शहर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में हल्की बूंदाबांदी आैर बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का जोश चरम पर रहा। भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें आकर्षक झांकी और गगनचुंबी झंडे आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह शोभा यात्राएं निकाली गई जिससे माहौल पूरी तरह राममय हो गया।
रामनवमी के अवसर पर दशमी के दिन शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उत्साहपूर्ण नजर आया। विभिन्न अखाड़ों द्वारा भव्य जुलूस निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं ने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतब का प्रदर्शन किया। महिलाएं और पुरुष दोनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए एक से बढ़कर एक आकर्षक करतब दिखाए जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
पूरे आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जगह-जगह मजिस्ट्रेट भी तैनात रहे ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस जुलूस ने शहर की सांस्कृतिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
