परसुडीह में बाइक और स्कूटी की चोरी
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी के कोचाकुली से बीती रात सहदेव करुआ के घर से एक बुलेट मोटर साइकिल संख्या जेएच 05डीएल-3929 और एक स्कूटी संख्या जेएच05डीएकस 6015 की चोरी हो गई। इसको लेकर बस्ती वासियों में घोर नाराजगी देखी जा रही है।
सहदेव करुआ जेएलकेएम नेता गणपति करुआ के रिश्तेदार बताए जाते हैं। सूचना मिलते ही गणपति करुआ और जेएलकेएम जिला उपाध्यक्ष भरत सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। गणपति करुआ ने बताया कि स्थानीय पुलिस हाल के दिनों में निष्क्रिय हो गई है। क्षेत्र में ब्राउन शुगर का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। ना तो पेट्रोलिंग होती है ना ही अपराधियों में पुलिस का खौफ है जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि यदि पुलिस जल्द से जल्द वाहन चोरी मामले का खुलासा नहीं करती है और चोरों को गिरफ्तार नहीं करती है तो थाना घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं भारत सिंह ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। मालूम हो कि एसएसपी पियूष पांडे ने पिछले दिनों कई थानेदारों का तबादला किया है ताकि अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसी जा सके मगर परसुडीह थाना क्षेत्र में अपराध के ग्राफ में कोई कमी नहीं आयी है।
