बरहेट में रिश्वत लेते पंचायत सचिव को गिरफ्तार
साहिबगंज : झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने साहिबगंज जिले के बरहेट प्रखंड के बरमसिया पंचायत सचिव संतोष कुमार को 3,500 रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक पीड़ित लाभार्थी ने एसीबी दुमका इकाई को शिकायत की थी कि पंचायत सचिव संतोष कुमार उनसे प्रधानमंत्री आवास योजनाके नाम पर 3,500 रुपये रिश्वत मांग कर रहे हैं। शिकायत की सत्यता की पुष्टि के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और बुधवार को सचिव को घूस की रकम लेते ही रंगेहाथ पकड़ लिया। एसीबी टीम ने बरहेट पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया और आरोपी सचिव को पकड़कर प्रारंभिक पूछताछ के बाद अपने साथ दुमका ले गई, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं बरहेट क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत स्तर पर योजनाओं के नाम पर अक्सर पैसे की मांग की जाती है, परंतु लोग डर या लाचारी के कारण शिकायत नहीं कर पाते। इस कार्रवाई से आम जनता में उम्मीद जगी है कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। बरहेट बीडीओ अंशु कुमार पांडे से इस संबंध में संपर्क करने पर कहा कि उन्हें एसीबी की कार्रवाई की सूचना मिली है।
