कांड्रा में कपड़े की दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान
जमशेदपुर : सरायकेला- खरसावां जिला के कांड्रा थाना अंतर्गत मेन रोड बिल्डिंग में स्थित एक कपड़े की दुकान में गुरुवार की सुबह अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना के बाद अफरा- तफरी मच गई। दुकान से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने कांड्रा थाना पुलिस और आधुनिक पावर कंपनी को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई।
बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर रह रहे परिवार के लोग भी फंस गए। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से बगल की बिल्डिंग की छत के रास्ते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं, सूचना मिलते ही आधुनिक कंपनी का अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बताया जाता है कि दुकान लाहकोठी निवासी बिपिन प्रसाद गुप्ता की है। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
