अंतरराज्यीय कार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार, झारखंड से सात कारें बरामद
जमशेदपुर, कोलकाता : बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक अंतरराज्यीय कार तस्करी गिरोह का राजफाश किया है। झारखंड से सात कारें बरामद की गईं। चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार सुबह गश्त के दौरान घोला थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को कार में बैठकर कुछ संदिग्ध हरकत करते देखा। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसका नाम अतर शेख है। वह मालदा में रहता है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि वह एक कार चोरी करने की कोशिश कर रहा था। जब कार मालिक ने शिकायत की, तो पुलिस ने अतर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसके समूह के कई लोग कार चोरी में शामिल हैं। पिछले तीन महीनों में उनके गिरोह ने बैरकपुर कमिश्नरेट के अंतर्गत कई पुलिस थानों से कारें चुराई हैं। उसके बाद पुलिस ने रामप्रसाद साहा, अमित साहा, शमसुद्दीन शेख उर्फ मसूद को गिरफ्तार किया। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट डीसी (मध्य) इंद्रबदन झां ने कहा कि अब तक माल ढोने वाले सात छोटे वाहन बरामद किए गए हैं। थानों में चोरी हुए वाहनों की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। तीन वाहनों की नंबर प्लेट को झारखंड नंबर प्लेट से बदल दिया गया था। तीन वाहनों में कोई नंबर प्लेट नहीं थी।
