गोविंदपुर में 12 घंटे से जलजमाव, लोगों का फूटा गुस्सा
जमशेदपुर: गोविंदपुर कमिंस गेट के पास स्थित क्षेत्र में रविवार रात से भारी जलजमाव की समस्या बनी हुई है। बताया जा रहा है कि कमिंस कंपनी द्वारा नाले को बंद कर दिया गया है, जिसके कारण पिछले 12 घंटे से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाला बंद होने के कारण वर्षा का पानी निकल नहीं पाया और सड़कों से लेकर आसपास के घरों तक जल भराव हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह स्थिति अचानक नहीं बनी है, बल्कि कई बार इसकी शिकायत पहले भी की गई थी। कंपनी द्वारा नाले को निर्माण कार्य के दौरान बंद कर दिया गया, लेकिन वैकल्पिक निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। नतीजा अब पूरा इलाका तालाब में तब्दील हो चुका है।
लगातार जलजमाव के कारण सैकड़ों राहगीर, स्कूली बच्चे, और दुपहिया वाहन सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। गड्ढों और सड़कों के दिखाई नहीं देने के कारण कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। बावजूद इसके, अब तक प्रशासन या नगर निगम का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है, जिससे स्थानीय जनता में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह खुद मौके पर पहुंचे और जलजमाव के बीच सड़क पर ही ‘जल सत्याग्रह’ शुरू कर दिया।देखना यह है प्रशासन कब तक जागता है।
