गोलमुरी में अपराध की योजना बनाते चार अपराधी असलहा समेत गिरफ्तार
जमशेदपुर : गोलमुरी थाना पुलिस ने संगीन अपराध की योजना बनाते चार अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार अपराधियों में में बीर सिंह उर्फ पंडित, राजा यादव, रवि कुमार राव और विक्की सिंह गिल उर्फ कुंडी शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से दो देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाईल और एक धारदार चापड़ बरामद किया है। चारों अपराधी किसी संगीन अपराध की योजना बता रहे थे।
शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि सभी अपराधी किसी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से जुटे हैं। इसके बाद उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने नामदा बस्ती में छापेमारी की, जहां से चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। चारों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और कई कांडों में जेल भी जा चुके है। सभी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
