जामदा में मामा की हत्या के आरोप में भांजा गिरफ्तार, जायदाद में हिस्सा था कारण
जमशेदपुर: जमशेदपुर के कोवाली थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ा भालकी जामदा के बरसाती नाले से बरामद 35 वर्षीय नीलकांत पात्र के शव मामले का खुलासा करते हुए मृतक के भांजे राजनगर निवासी 26 वर्षीय हेमंत पात्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, कपड़े, मोटरसाइकिल एवं शराब की बोतलें बरामद की है.
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिटी एसपी ने बताया अभियुक्त हेमंत पात्र बचपन से ही अपने ननिहाल में रहता था, और उसके नाना ने उसे जायदाद में हिस्सेदार भी बनाया था.
मगर मृतक नीलकांत पात्र अभियुक्त को जायदाद में हिस्सा नहीं देना चाहता था.
इसी वजह से अभियुक्त ने घटना के दिन अपने मामा को शराब पिला कर पत्थर से कूचकर उसकी हत्या कर दी, और शव को बरसाती नाले में फेंक दिया था.
अभियुक्त ने अपनी स्वीकारोक्ति बयान में अपने मामा की हत्या की बात कबूल कर ली है.
